Theft In Liquor Shop: राजधानी के इस शराब दुकान में चोरी, दीवार तोड़कर नगदी और शराब की बोतल ले उड़े चोर

हिमांशु पटेल/ रायपुर। Theft In Liquor Shop: राजधानी रायपुर में एक बार फिर चोरी की वारदात सामने आई है। टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित संतोषी नगर-गोकुल नगर की अंग्रेजी शराब दुकान में अज्ञात चोर ने दीवार तोड़कर नकदी और शराब पार कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दीवार तोड़कर घुसे थे चोर
मिली जानकारी के अनुसार, दुकान के सुपरवाइजर यशवंत बाघ ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 24 अप्रैल की रात करीब 11 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह करीब 10 बजे दुकान खोलने पर पीछे की दीवार टूटी मिली। अंदर जांच करने पर गल्ले से 10,260 रुपये नगद और शराब की बोतलें गायब थीं।
सीसीटीवी में कैद हुआ आरोपी
दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक अज्ञात युवक हरे रंग की शर्ट पहने नजर आया, जो शराब की बोतल लेकर निकलते और गल्ले से पैसे निकालते दिख रहा है। चोरी की कुल कीमत करीब 11,210 रुपये आंकी गई है।
Theft In Liquor Shop: पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 और 331(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक गौरी शंकर सिंह को सौंपी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।




