इलाज करवाने आए मरीज ने की डॉक्टर की हत्या, सीएम ने कहा- बेहद दर्दनाक घटना…

केरल के कोल्लम जिले में कोट्टारक्कारा के एक अस्पताल में इलाज के लिए लाए गए एक निलंबित स्कूल शिक्षक ने 23 साल की एक महिला डॉक्टर की सर्जरी में इस्तेमाल होने वाले ब्लेड से हत्या कर दी। आरोपी व्यक्ति को परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करने के बाद पुलिस अस्पताल लेकर आई थी।
घटना बुधवार की सुबह हुई। आरोपी की पहचान संदीप के रूप में हुई है। अस्पताल में जब डॉक्टर वंदना दास, आरोपी के पैर के घाव की ड्रेसिंग कर रही थी तभी वह अचानक हिंसक हो गया और कैंची व सर्जरी में इस्तेमाल होने वाले ब्लेड से वहां खड़े सभी लोगों पर हमला कर दिया। हमले में बुरी तरह घायल डॉक्टर को तिरुवनंतपुरम में एक अस्पताल ले जाया गया जहां उसने दम तोड़ दिया। आरोपी को अस्पताल लेकर आए पुलिस कर्मी भी हमले में घायल हो गए।
‘स्वास्थ्य कर्मियों पर हमला अस्वीकार्य’
केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने डॉक्टर की मौत पर शोक व्यक्त किया और कहा कि यह घटना चौंकाने वाली और बेहद दर्दनाक है। उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जाएगी। विजयन ने कहा कि ड्यूटी के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों पर हमला अस्वीकार्य है। घटना की गहन जांच की जाएगी। सरकार चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों पर हमलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी।
सात दिनों के भीतर रिपोर्ट मांगी
‘इंडियन मेडिकल एसोसिएशन’ (आईएमए) और ‘केरल गवर्नमेंट मेडिकल ऑफिसर्स एसोसिएशन’ (केजीएमओए) ने इस घटना के खिलाफ पूरे राज्य में विरोध प्रदर्शन किया। वहीं, घटना को लेकर केरल राज्य मानवाधिकार आयोग ने स्वत: संज्ञान लिया और कोल्लम के जिला पुलिस प्रमुख से सात दिनों के भीतर एक रिपोर्ट मांगी है।




