रायपुर में युवती की लाश मिलने के मामले में बड़ा अपडेट, दो दिनों से लापता थी मृतिका, शरीर पर मिले चोट के निशान
हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur Crime: राजधानी रायपुर के अमलीडीह इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक खाली प्लॉट में 17 साल की नाबालिग युवती की लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतका के शरीर पर चोट के गंभीर निशान पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया यह साफ हो रहा है कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई है। लाश मिलने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी गई। इसके साथ ही एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने का काम किया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मृत युवती पिछले दो दिनों से घर से लापता थी। लेकिन आज उसकी लाश इस हालत में मिलने से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार, युवती पार्टियों और इवेंट्स में काम करने जाती थी। दो से तीन दिनों तक बाहर भी रहती थी, ऐसे में परिजन उसी अंदेशा में रहे, लेकिन जब दो दिनो से बातचीत भी नहीं हुई। तब परिजनों को चिंता हुई और इसी बीच लाश मिलने की सुचना उन तक पहुंची।
Raipur Crime: वहीं पुलिस अब हर पहलू को ध्यान में रखते हुए उसकी कॉल डिटेल, मोबाइल लोकेशन और संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह हत्या का मामला है और हर एंगल से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा भी पुलिस द्वारा किया जा रहा है। फिलहाल पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।




