Durg Murder News: पैसों के विवाद में युवक की हत्या, बदमाशों ने सिर कुचलकर उतारा मौत के घाट

दुर्ग। Durg Murder News: दुर्ग शहर के मोहन नगर थाना क्षेत्र में एक युवक की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार आदित्य नगर चौक के पास बंद पड़े मिल परिसर के नजदीक 26 वर्षीय युवक यशवंत सारथी उर्फ टिंगू की सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतक यशवंत सारथी सक्ती नगर, दुर्ग का निवासी बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या की वजह महज 900 रुपए के लेन-देन का विवाद हो सकती है। बताया जा रहा है कि पैसों को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ नाबालिगों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मोहन नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।
Durg Murder News: मामले में मोहन नगर थाना प्रभारी (TI) केशव कोसले ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हत्या में शामिल नाबालिग आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल हत्या की इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।




