
बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना में पिता और पुत्र की करंट लगने से मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब दोनों कुएं में मरे हुए मेंढक को निकालने के लिए उतरे थे। घटना सीपत थाना क्षेत्र के उनी गांव की है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को गांव में स्थित एक कुएं में मरा हुआ मेंढक दिखाई दिया। पिता और पुत्र ने उसे निकालने के लिए कुएं में उतरने का निर्णय लिया। इस दौरान कुएं में लगे सबमर्सिबल पंप के खुले तार पानी में संपर्क में आ गए थे, जिससे कुएं का पानी करंट से भरा हुआ था। जैसे ही दोनों पानी में उतरे, वे करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है। सूचना मिलते ही सीपत पुलिस मौके पर पहुंची और सबमर्सिबल की बिजली सप्लाई बंद कर शवों को कुएं से बाहर निकाला।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।




