Breaking news
Advertisement
छत्तीसगढ़ट्रेंडिंग-न्यूज़बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़रायपुर

शराबी युवक ने महिला को मोपेड से मारी जोरदार टक्कर, CCTV में कैद हुई वारदात

हिमांशु पटेल/रायपुर। Raipur News: राजधानी रायपुर में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आजाद चौक थाना क्षेत्र के मंगलम भवन के सामने बीते 6 नवंबर की रात करीब 10 बजे एक शराब के नशे में धुत युवक ने अपनी मोपेड से एक महिला को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तत्काल कमल विहार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने बताया कि घायल महिला की हालत अभी नाजुक बनी हुई है।

घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि युवक तेज रफ्तार से मोपेड चला रहा था और उसने बिना ब्रेक लगाए महिला को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला सड़क पर गिरते ही बेहोश हो गई। हादसे के बाद आरोपी युवक मौके से मोपेड सहित फरार हो गया।

सूत्रों के मुताबिक, घायल महिला अपने बच्चे को ट्यूशन से घर लाने जा रही थी, तभी यह हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आरोपी युवक पूरी तरह नशे की हालत में था और वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने महिला को तुरंत पास के निजी अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस को जानकारी मिलते ही आजाद चौक थाना की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। पुलिस ने आसपास के इलाके के CCTV फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। फुटेज में आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है, जबकि परिजन और स्थानीय नागरिक भी अपने स्तर पर शराबी युवक की तलाश में जुटे हुए हैं।

परिजनों ने बताया कि, पुलिस को सूचना देने के बाद भी अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। परिवार ने आरोप लगाया है कि पुलिस की कार्रवाई सुस्त है, जबकि सीसीटीवी फुटेज में आरोपी का चेहरा स्पष्ट दिखाई दे रहा है। परिजनों का कहना है कि वे स्वयं इलाके में लगे कैमरों की जांच कर आरोपी की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं।

इस घटना ने एक बार फिर शहर में नशे में वाहन चलाने की समस्या को उजागर कर दिया है। लगातार हो रहे ऐसे हादसों से लोगों में रोष है। नागरिकों ने मांग की है कि रायपुर पुलिस शहर में रात के समय नशे में ड्राइविंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई करे और इस तरह के इलाकों में गश्त बढ़ाई जाए।

Raipur News: थाना प्रभारी आजाद चौक ने बताया कि आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने वाहन के नंबर के आधार पर उसकी पहचान संबंधी जानकारी जुटा ली है। घटना के संबंध में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Advertisement
Tags

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Close