
उत्तराखंड। रेलवे स्टेशन के अधीक्षक को प्रदेश के रेलवे स्टेशनों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इसके बाद पूरे प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रुड़की रेलवे स्टेशन के अधीक्षक को एक धमकी भरा खत मिला है जिसमें लक्सर, नजीबाबाद, देहरादून, रुड़की, ऋषिकेश, हरिद्वार रेलवे स्टेशनों समेत कई धार्मिक स्थलों को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। टूटी फूटी हिंदी में लिखे गए इस खत को भेजने वाले ने खुद को आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद का एरिया कमांडर सलीम अंसारी बताया है। बताया जा रहा है कि पत्र में टार्गेट पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री का नाम भी है।
इस मामले की जांच में सामने आए तथ्यों की जानकारी देते हुए राज्य के पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने कहा कि खत भेजने वाला मानसिक रूप से बीमार है। जो बीते 20 साल से इस तरह की धमकी दे रहा है। इसके बावजूद उत्तराखंड पुलिस ने इस खत को गंभीरता से लेते हुए पूरे प्रदेश में निगरानी बढ़ा दी है। चिठ्ठी में दर्ज इन रेलवे स्टेशनों के अलावा प्रदेश के प्रमुख मंदिरों और भीड़-भाड़ वाले आयोजनों पर फोकस करने को कहा गया है। प्रदेश में चार धाम यात्रा की शुरुआत हो गई है। ऐसे में उत्तराखंड पुलिस किसी भी तरह के खतरे से निपटने के लिए मुस्तैद होने के साथ कहीं पर भी कोई कसर नहीं छोड़ रही है।




