Child Laborers In Factory: फैक्ट्रियों में छापा… मिले बाल श्रमिक, दूसरे राज्यों से लाकर कराया जा रहा था काम, तस्करी की आशंका
हिमांशु पटेल/ रायपुर। Child Laborers In Factory: राजधानी रायपुर में बाल श्रम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। उरला क्षेत्र स्थित एक उद्योग में औचक निरीक्षण के दौरान 9 नाबालिग बच्चे काम करते हुए मिले हैं। मामला सामने आने के बाद बाल संरक्षण आयोग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बच्चों को संरक्षण में लिया और जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि ये बच्चे बाहर राज्यों से लाए गए थे और उद्योग में काम कराया जा रहा था।
जानकारी के मुताबिक, कल 12 जून को बाल संरक्षण आयोग की टीम को उरला स्थित मारुति नंदन स्ट्रक्चर इंडस्ट्रीज में नाबालिग बच्चों से काम कराए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर आयोग की टीम ने उद्योग में अचानक निरीक्षण किया, जहां 9 बच्चे काम करते पाए गए। पूछताछ में सामने आया कि सभी बच्चे नाबालिग हैं। इसके बाद टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी बच्चों को रेस्क्यू कर संरक्षण में लिया और प्रकरण दर्ज कर उन्हें बाल कल्याण समिति यानी सीडब्ल्यूसी के समक्ष पेश किया गया।
Child Laborers In Factory: बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा ने बताया कि, शुरुआती जांच में सामने आया है कि बच्चे बिहार और पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं और उन्हें काम के लिए रायपुर लाया गया था। मामले में यह भी पता लगाया जा रहा है कि बच्चों को यहां कौन लेकर आया और इसके पीछे कोई नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। वहीं आयोग ने बताया कि बिलासपुर से 7 और रायपुर जीआरपी से 4 बच्चों का भी रेस्क्यू किया गया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।



