छत्तीसगढ़ के 3 जिला न्यायालयों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, कोर्ट परिसर में मचा हड़कंप
अंबिकापुर/ जांजगीर चांपा/ जगदलपुर। CG Court Bomb Threat: छत्तीसगढ़ के कई जिला एवं सत्र न्यायालय को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। जहां अंबिकापुर, राजनांदगांव और जगदलपुर के जिला एवं सत्र न्यायालय को ई-मेल के जरिए धमकी दी गई है। जिसके बाद तीनों ही कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। धमकी भरा मेल मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर है। बम से उड़ाने की धमकी मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के मुताबिक, तीनों ही न्यायालय के आधिकारिक मेल आईडी पर धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ है। मेल मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को सूचना दी गई, जिसके बाद तत्काल सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। न्यायालय परिसरों के अंदर और बाहर पुलिस बल तैनात किया गया है, वहीं आने-जाने वाले हर व्यक्ति की सघन जांच की जा रही है। संदिग्ध वस्तुओं की तलाश के लिए जांच अभियान चलाया जा रहा है।
CG Court Bomb Threat: वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में बम निरोधक दस्ता और पुलिस की संयुक्त टीम ने पूरे कोर्ट परिसर की सघन जांच की ।न्यायालय भवन, आसपास के कमरों, वाहनों और परिसर के हर कोने की बारीकी से तलाशी ली गई। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है, और सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू से जांच में जुटी हुई हैं। पुलिस ने धमकी भरे ई-मेल की तकनीकी जांच शुरू कर दी है और भेजने वाले की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।




