अंबिकापुर-बनारस रोड पर भीषण सड़क हादसा: देवर-भाभी समेत 3 की मौत, एक नाबालिग घायल

अंबिकापुर : अंबिकापुर-बनारस मुख्य मार्ग पर स्थित गांधीनगर थाना क्षेत्र के चठिरमा पुल के पास दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में देवर-भाभी और एक नाबालिग शामिल हैं।
मेडिकल कॉलेज ले जाते समय तोड़ा दम
हादसे के तुरंत बाद सभी घायलों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने करन यादव (20 वर्ष), उनकी गर्भवती भाभी रिया यादव (21 वर्ष) और दूसरी बाइक पर सवार नाबालिग देव मंडल (16 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया। घायल एक अन्य नाबालिग की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
इलाज के लिए निकले थे, हादसे का शिकार हो गए
जानकारी के अनुसार, सूरजपुर जिले के कसकेला निवासी करन यादव अपनी भाभी रिया को इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज ला रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई, जिसमें दो नाबालिग सवार थे।
देव मंडल ओडिशा का निवासी
हादसे में जान गंवाने वाला नाबालिग देव मंडल मूल रूप से ओडिशा के संबलपुर का निवासी था और इन दिनों अपने मामा के घर आया हुआ था।
तेज रफ्तार और बिना हेलमेट बना जानलेवा
पुलिस जांच में सामने आया कि किसी भी सवार ने हेलमेट नहीं पहना था और हादसे की वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सभी बाइक सवार सड़क पर उछलकर गिर गए, जिससे उन्हें सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।
शवों का आज होगा पोस्टमॉर्टम
घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंच गए हैं। तीनों शवों को मॉर्च्युरी में रखवाया गया है, और आज उनका पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




