PM Modi Video: पीएम मोदी ने देर रात फिर जारी किया नया वीडियो, कहा-‘थैंक यू फ्रेंड्स’, सुझाव के लिए किया शुक्रिया
नई दिल्ली। PM Modi Video: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर लोगों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि उनके पिछले वीडियो पर मिले सकारात्मक संदेशों और सुझावों ने उन्हें बेहद उत्साहित किया है। प्रधानमंत्री ने सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका यह स्नेह और विश्वास आगे भी बना रहेगा।
पीएम मोदी ने अपने संदेश में कहा कि पिछली रात शेयर किए गए वीडियो पर लोगों की शानदार प्रतिक्रिया मिली। उन्होंने सभी दर्शकों का धन्यवाद करते हुए भरोसा जताया कि भविष्य में भी सोशल मीडिया के माध्यम से संवाद और अधिक मजबूत होगा। वीडियो साझा होने के कुछ ही समय में उसे बड़ी संख्या में लोगों ने देखा और उस पर तेजी से प्रतिक्रिया भी आई।
सूत्रों के अनुसार, हाल ही में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में प्रधानमंत्री ने मंत्रियों से सोशल मीडिया पर अधिक सक्रिय रहने की बात कही। उन्होंने विशेष रूप से इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म का उल्लेख करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में युवा इन माध्यमों पर सक्रिय हैं। ऐसे में सरकार को डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए युवाओं से सीधा संवाद बढ़ाना चाहिए और उनकी बातों को समझने का प्रयास करना चाहिए। बताया गया कि बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने अपने सहयोगियों से यह भी पूछा कि वे सोशल मीडिया का कितना उपयोग करते हैं और युवाओं तक पहुंचने के लिए इन मंचों का प्रभावी इस्तेमाल करने की सलाह दी।
इससे पहले बुधवार देर रात प्रधानमंत्री ने छात्रों को संबोधित करते हुए एक वीडियो संदेश जारी किया था। इसमें उन्होंने पेपर लीक जैसी घटनाओं पर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
PM Modi Video: प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि पेपर लीक की घटनाओं से लाखों छात्र और उनके परिवार प्रभावित हुए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई महीनों में इस तरह के मामलों से निपटने के लिए कई कानूनी और प्रशासनिक कदम उठाए गए हैं तथा आरोपियों की गिरफ्तारी कर उन्हें जेल भेजा गया है।




