फरीदाबाद: ग्रीन फील्ड कॉलोनी में रविवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर में लगे एसी कम्प्रेशर के ब्लास्ट से लगी आग में एक दंपति और उनकी 13 साल की बेटी की मौत हो गई। हादसे में परिवार का पालतू कुत्ता भी जिंदा जल गया।
मृतकों की पहचान सचिन कपूर (49), उनकी पत्नी रिंकू कपूर (48) और बेटी सुज्जैन (13) के रूप में हुई है। जबकि बड़ा बेटा आर्यन कपूर (24) किसी तरह बालकनी से कूदकर जान बचाने में सफल रहा, हालांकि उसके दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए हैं और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
रात 3 बजे हुआ धमाका
हादसा तड़के करीब 3 बजे किराए के चार मंजिला मकान की दूसरी मंजिल पर हुआ। परिवार उस वक्त गहरी नींद में था। धमाके के बाद आग और धुएं ने पूरे फ्लोर को अपनी चपेट में ले लिया। घर का सारा सामान जलकर खाक हो गया।
बंद दरवाज़ा बना मौत का जाल
पुलिस ने बताया कि परिवार छत की ओर भागने की कोशिश कर रहा था लेकिन रास्ते का दरवाज़ा बंद था। धुआं तेजी से फैलने के कारण तीनों की दम घुटने से मौत हो गई। पड़ोसी शालिनी ने कहा, “एसी कम्प्रेशर के ब्लास्ट से धुआं पूरे घर में फैल गया। चार लोग थे, जिनमें से तीन की मौत हो गई।” पुलिस ने मौके से सैंपल इकट्ठा किए हैं और हादसे की वजह की जांच की जा रही है।




