
रायपुर : प्रदेश की राजधानी रायपुर के शासकीय प्राथमिक अंग्रेजी माध्यम स्कूल, शांतिनगर की स्थिति इतनी खराब है कि नन्हें बच्चों को गिरती छत और घुटनों तक पानी में बैठकर पढ़ाई करनी पड़ रही है। स्कूल की छत से प्लास्टर के टुकड़े लगातार गिर रहे हैं और कमरों में बरसात का पानी जमा हो गया है, जिससे बच्चे बीमार पड़ रहे हैं।
विभागीय सचिव ने मई में ही मरम्मत के निर्देश दिए थे, लेकिन संबंधित अधिकारियों की लापरवाही के चलते अब तक काम शुरू नहीं हुआ है। एक कमरे की छत से 20 से अधिक जगहों से प्लास्टर उखड़ चुका है। बच्चों के लिए वहां बैठना जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है।
READ MORE : छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: 22 आबकारी अधिकारी सस्पेंड, घोटाले की राशि 3200 करोड़ पहुंची, देखें आदेश
गुरुवार को बच्चों और उनके परिजनों ने स्कूल की बदहाली को लेकर वित्त मंत्री ओपी चौधरी के निवास का रुख किया, लेकिन मंत्री के मौजूद न होने से मुलाकात नहीं हो सकी। परिजनों ने बताया कि इससे पहले उन्होंने विधायक पुरंदर मिश्रा को भी जानकारी दी थी, लेकिन कोई कदम नहीं उठाया गया। बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावक आक्रोशित हैं और जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।




