
देश में ओमिक्रॉन के बढ़ते मामलों के बीच PM मोदी गुरुवार को रिव्यू मीटिंग करेंगे। मीटिंग में देश में कोरोना के हालात की समीक्षा की जाएगी। महाराष्ट्र और राजधानी दिल्ली में फिलहाल सबसे ज्यादा ओमिक्रॉन संक्रमित मिले हैं। देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 6,317 नए मामले आए हैं और 318 लोगों की मौत हुई है।
फिलहाल देश में 79,097 सक्रिय मामले हैं। महाराष्ट्र मे ओमिक्रॉन के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इसे देखते हुए राज्य की एजुकेशन मिनिस्टर प्रोफेसर वर्षा एकनाथ ने कहा है कि अगर केस यूं ही बढ़ते रहे तो सरकार स्कूलों को बंद करने का फैसला ले सकती है। उन्होंने कहा कि हम हालात की समीक्षा कर रहे हैं।
महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन के 11 नए मामलों की पुष्टि हुई है। संक्रमितों में एक 11 महीने की बच्ची और मुंबई का एक 6 साल का लड़का भी शामिल है, दोनों एसिम्टोमेटिक हैं। देश में सबसे ज्यादा ओमिक्रॉन संक्रमित फिलहाल महाराष्ट्र 65 में हैं।




