सीएम भूपेश ने केंद्र को लिखा पत्र, बिलासपुर को देश के महानगरों के साथ विमान सेवा से जोड़ने का किया आग्रह

रायपुर। रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर को दिल्ली, मुंबई और कोलकत्ता जैसे महानगरों से एयर कनेक्टिविटी देने की अनुमति देने के संबंध में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्रीय विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी को पत्र लिखा है। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से निकट भविष्य में लागू होने वाली उड़ान 4.1 योजना में बिलासपुर को महानगरों के साथ आरसीएस कनेक्टिविटी की सुविधा देने का आग्रह किया है।
मुख्यमंत्री ने पत्र में लिखा है कि मैं आपके ध्यान में बिलासपुर के साथ दिल्ली, मुंबई और कोलकाता आदि महानगरों की आरसीएस कनेक्टिविटी के मुद्दे को प्रमुखता से लाना चाहूंगा। छत्तीसगढ़ में न्यायधानी बिलासपुर के महत्व और राज्य और क्षेत्र के भीतर बिलासपुर की रणनीतिक और महत्वपूर्ण भौगोलिक स्थिति के कारण आपके साथ मेरे पहले के पत्राचार में भी इस विषय पर प्रकाश डाला गया है। मैं इस विषय पर नागर विमानन मंत्रालय से वांछित समर्थन चाहूंगा।
मुख्यमंत्री ने लिखा है कि बिलासपुर हवाई अड्डे को हाल ही में थ्री सी वीएफआर श्रेणी में अपग्रेड किया गया है। राज्य सरकार आरसीएस कनेक्टिविटी के तहत बिलासपुर से दोनों महानगरों के लिए सीधी और चरणों में उड़ानों के लिए गंभीरता से प्रयास कर रही है। इसके लिए समय-समय पर कई पत्राचार और विभिन्न स्तरों पर चर्चाएं की गई हैं। इस विषय में नियमों में आवश्यक प्रवर्तन और रियायत देते हुए क्षेत्रीय कनेक्टिविटी योजना के तहत बिलासपुर की महानगरों के लिए एयर कनेक्टिविटी के लिए अनुमति प्रदान करने का आग्रह किया है।




