Advertisement
छत्तीसगढ़ट्रेंडिंग-न्यूज़बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

Gadhbo Hamar Vyapar: ‘गढ़बो हमर व्यापार’ प्रशिक्षण कार्यक्रम में उमड़ा व्यापारियों का उत्साह, AI और डिजिटल कारोबार की मिली जानकारी

रायपुर। Gadhbo Hamar Vyapar:  छत्तीसगढ़ में स्थानीय व्यापार को मजबूत बनाने और छोटे व्यापारियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से ‘गढ़बो हमर व्यापार’ प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ उद्योग विभाग (CSIDC) और छत्तीसगढ़िया वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को रायपुर के विमतारा में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के पांचों संभागों से बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल हुए। कार्यक्रम में व्यापारियों की भागीदारी आयोजकों की उम्मीद से भी अधिक रही।

प्रशिक्षण के दौरान व्यापारियों को औद्योगिक नीति 2024-30, सरकारी योजनाओं, सब्सिडी, टैक्स संबंधी नियमों, ONDC, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और पर्यावरण के अनुकूल पैकेजिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने कारोबार को आधुनिक बनाने, तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाने और व्यापार के नए अवसरों को समझने के तरीके बताए।

सरकारी योजनाओं से लेकर AI तक की जानकारी

कार्यक्रम में उद्योग विभाग की असिस्टेंट डायरेक्टर श्रीमती सोमानी मंडलोई ने औद्योगिक नीति और सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। चार्टर्ड अकाउंटेंट विवेक कुमार साहू ने व्यापारियों को टैक्स से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं से अवगत कराया।

वहीं, अभिजीत राय ने ONDC के माध्यम से डिजिटल व्यापार की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। AI विशेषज्ञ सौरभ सराफ ने कारोबार में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग और इसके जरिए व्यापार को आगे बढ़ाने के तरीकों की जानकारी दी। आनंद वर्धन ने पर्यावरण अनुकूल पैकेजिंग के महत्व और इसके व्यावसायिक उपयोग के बारे में मार्गदर्शन दिया।

छोटे व्यापारियों को आगे बढ़ाना मुख्य उद्देश्य

छत्तीसगढ़िया वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष शेखर वर्मा ने कहा कि छोटे व्यापारियों को आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराना महासंघ का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने स्थानीय व्यापार को मजबूत बनाने और व्यापारियों को नई तकनीकों से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया।

महासंघ के उपाध्यक्ष दिलीप टिकरिया और ईश्वर पटेल ने बताया कि कार्यक्रम में शामिल व्यापारियों ने इस तरह के प्रशिक्षण आयोजन प्रदेश के हर संभाग और जिले में कराने की मांग की है। इससे अधिक से अधिक व्यापारियों को सरकारी योजनाओं, डिजिटल प्लेटफॉर्म और आधुनिक व्यावसायिक तरीकों की जानकारी मिल सकेगी।

महासंघ के महासचिव कुबेर चंद्राकर ने कार्यक्रम में शामिल सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। साथ ही, उन्होंने व्यापारियों से एकजुट होकर स्थानीय कारोबार को बढ़ावा देने और छत्तीसगढ़ के व्यापारिक विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

बड़ी संख्या में व्यापारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में महासंघ के उपाध्यक्ष आशीष साहू और पुनारद निषाद, कोषाध्यक्ष ललित साहू सहित ललित, विजय, गुलाब, दिनेश, देवेंद्र, रामशरण, घनश्याम, नागेश्वर, टीकम, पारस, यश, त्रिलोचन, लक्ष्मण, गोविंद, लालजी, नारायण साहू और श्रीमती रजनी चंद्रवंशी समेत बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।

Gadhbo Hamar Vyapar: ‘गढ़बो हमर व्यापार’ कार्यक्रम के जरिए स्थानीय व्यापारियों को सरकारी नीतियों, डिजिटल कारोबार और आधुनिक तकनीक की जानकारी देने की पहल की गई। आयोजकों के अनुसार, ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों से व्यापारियों को अपने कारोबार को नई दिशा देने और बदलते व्यावसायिक परिवेश के अनुरूप आगे बढ़ने में मदद मिल सकती है।

 

Advertisement
Tags

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Close