Raipur News: नवरात्रि से दशहरे तक पुलिस का बड़ा एक्शन, 177 नशेड़ी और बदमाश गिरफ्तार

हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur News: नवरात्रि एवं दशहरा पर्व के दौरान शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन ने प्रभावी कार्रवाई की है। 11 अक्टूबर से 20 अक्टूबर 2026 तक चलाए गए विशेष अभियान में पाँच थाना क्षेत्रों के अंतर्गत कुल 149 प्रकरणों में 177 व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।
यह कार्रवाई थाना खमतराई, गुढ़ियारी, उरला, पंडरी और खम्हारडीह पुलिस द्वारा की गई। पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन श्रीमती दीपमाला कश्यप के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में त्योहारों के दौरान असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती गई।
प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत 120 प्रकरणों में 143 व्यक्तियों पर कार्रवाई की गई। इनमें धारा 170 बीएनएसएस के तहत 57 प्रकरणों में 68 व्यक्ति तथा धारा 126 और 135(3) बीएनएसएस के तहत 63 प्रकरणों में 75 व्यक्ति शामिल हैं।
Raipur News: इसके अलावा आबकारी अधिनियम के तहत 20 प्रकरणों में 20 व्यक्तियों, आर्म्स एक्ट के तहत 7 प्रकरणों में 7 व्यक्तियों और जुआ एक्ट के तहत 2 प्रकरणों में 7 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। रायपुर नॉर्थ जोन पुलिस ने नागरिकों से शांति और सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।



