UP Crime News: नीले ड्रम के बाद लोहे के बक्से में मिला युवक का शव, प्रेमी के साथ मिलकर महिला ने पति को उतारा मौत के घाट, खुलासा होते ही उड़े होश
पुलिस के मुताबिक, वारदात शुक्लागंज के कंचननगर इलाके में हुई। आरोप है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पूछताछ में नेहा ने पति के शराब पीने के बाद झगड़ा करने की बात कही है। हालांकि, घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पुष्टि जांच के आधार पर की जानी है।
CG Transfer List: दिवाली से पहले प्रशासनिक फेरबदल, राज्य प्रशासनिक सेवा के 5 अधिकारियों का तबादला
कमरे में हत्या के बाद संदूक में बंद किया शव
पुलिस की जांच के अनुसार, सोमवार रात सोनू की हत्या किए जाने का आरोप है। बताया गया है कि उसके सिर पर सिलबट्टे और लोढ़े से वार किया गया। इसके बाद शव को कंबल में लपेटकर लोहे के संदूक में रखा गया। आरोप है कि शव को ठिकाने लगाने के लिए दूसरे लोगों की मदद ली गई और अगले दिन उसे एक लोडर के जरिए दूसरे स्थान पर ले जाया गया।
पुलिस के मुताबिक, संदूक को शुक्लागंज से करीब 21 किलोमीटर दूर सदर क्षेत्र के ललऊखेड़ा में उन्नाव-लालगंज हाईवे की सर्विस लेन पर छोड़ दिया गया। शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।
CCTV फुटेज से मिला अहम सुराग
मामले की जांच के दौरान गदनखेड़ा चौराहे पर लगे CCTV कैमरे में संदूक ले जाने वाला लोडर दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन के नंबर के आधार पर चालक तक पहुंचने और फिर आरोपियों की भूमिका का पता लगाने की बात कही है। एसपी जयप्रकाश सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में घटना का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस ने मृतक की पत्नी नेहा रावत, जितेंद्र सिंह उर्फ राहुल और अन्य दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल बताया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
दो साल साथ रहने के बाद की थी कोर्ट मैरिज
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 28 वर्षीय सोनू सविता मूल रूप से हसनगंज क्षेत्र के पंचमखेड़ा गांव का निवासी था। करीब आठ साल पहले उसकी मुलाकात नेहा रावत से हुई थी। नेहा की पहले शादी हो चुकी थी और उसकी चार बेटियां हैं। बताया गया है कि नेहा पहले पति और बेटियों से अलग होकर सोनू के साथ शुक्लागंज के कंचननगर में रहने लगी थी। दोनों करीब दो साल तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहे, जिसके बाद उन्होंने कोर्ट मैरिज कर ली। हाल के दिनों में दोनों के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। पुलिस का दावा है कि इसी घरेलू विवाद के चलते हत्या की साजिश रची गई थी।
शव ले जाने के लिए लोडर किराए पर लेने का आरोप
जांच में सामने आए घटनाक्रम के मुताबिक, शव को संदूक में बंद करने के बाद उसे दूसरी जगह पहुंचाने के लिए लोडर मंगाया गया था। आरोप है कि कमरे का सामान दूसरी जगह ले जाने की बात कहकर वाहन बुलाया गया और संदूक को हाईवे किनारे उतार दिया गया। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि शव को ठिकाने लगाने में किसकी क्या भूमिका रही।
पत्नी समेत चार आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
UP Crime News: पुलिस ने इस मामले में नेहा रावत, जितेंद्र सिंह और दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी दी है। अधिकारियों के अनुसार, CCTV फुटेज और दूसरे साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। अब पुलिस हत्या के पीछे की परिस्थितियों, आरोपियों की भूमिका और वारदात की पूरी कड़ी को स्पष्ट करने में जुटी है।
उन्नाव पुलिस की त्वरित कार्रवाई: हाईवे किनारे बॉक्स में मिले शव की घटना का 12 घण्टे के अंदर खुलासा, पत्नी सहित 03 अभियुक्त गिरफ्तार व एक बाल अपचारी पुलिस संरक्षण में
सीसीटीवी एवं एनपीआर कैमरों की मदद से हत्या का खुलासा, शव ठिकाने लगाने में प्रयुक्त लोडर बरामद @Igrangelucknow https://t.co/ysMnN9cdno
— UNNAO POLICE (@unnaopolice) October 21, 2026




