Raipur News: रायपुर के कारोबारी की चंडीगढ़ के होटल में मिली संदिग्ध लाश, साथ ठहरी महिला हिरासत में, पूछताछ जारी
हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के चावल कारोबारी दीपक मित्तल की चंडीगढ़ के एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 56 वर्षीय दीपक मित्तल मार्कफेड की बैठक में शामिल होने चंडीगढ़ गए थे। बुधवार तड़के होटल ताज के कमरे में उनका शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस को कमरे से शराब की खाली बोतल और कुछ दवाइयां मिली हैं। वहीं, घटना से एक रात पहले कारोबारी के साथ होटल पहुंची महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, दीपक मित्तल रायपुर के आमासिवनी स्थित संजय ग्रेन प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध संचालक थे। व्यावसायिक बैठक के सिलसिले में उन्होंने चंडीगढ़ के होटल ताज में कमरा बुक कराया था। बुधवार सुबह होटल का एक वेटर कमरे के सामने से गुजर रहा था। दरवाजा खुला होने पर वह अंदर पहुंचा, जहां दीपक मित्तल बिस्तर पर बेसुध पड़े मिले। सूचना पर होटल प्रबंधन के कर्मचारी उन्हें अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
Raipur News: घटना की जानकारी, मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। शुरुआती जांच में नशे के ओवरडोज की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस महिला से पूछताछ के साथ होटल में आने-जाने वालों की जानकारी और अन्य साक्ष्य जुटा रही है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद ही कारोबारी की मौत की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी।




