Bilaspur News: गुपचुप खाने के बाद बीमार हुए एक ही परिवार के 7 लोग, तीन बच्चों की हालत गंभीर, एक बच्चा NICU में भर्ती
सीएमडी कॉलेज के पास ठेले पर खाया था गुपचुप
मिली जानकारी के मुताबिक, सकरी थाना क्षेत्र के परसदा गांव निवासी महेश साहू अपनी पत्नी संतोषी साहू और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ घूमने के लिए बिलासपुर आए थे। अष्टमी की रात परिवार ने सीएमडी कॉलेज के पास स्थित एक ठेले से गुपचुप खाया था। इसके बाद सभी अपने घर लौट गए।
बताया जा रहा है कि अगले दिन सुबह परिवार के सदस्यों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उन्हें उल्टी होने की शिकायत हुई। कुछ ही समय में परिवार के सात लोग बीमार पड़ गए। स्थिति को देखते हुए सभी को सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार जारी है।
तीन बच्चों की हालत ज्यादा खराब
अस्पताल में भर्ती सात लोगों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। इन बच्चों की हालत अन्य मरीजों की तुलना में ज्यादा खराब बताई जा रही है। छह वर्षीय एक बच्चे को एनआईसीयू में भर्ती कर चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, बच्चे की स्थिति फिलहाल स्थिर है।
फूड पॉइजनिंग की आशंका
एक ही परिवार के सात सदस्यों की तबीयत गुपचुप खाने के अगले दिन बिगड़ने से फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, बीमारी की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। फिलहाल सभी मरीजों का सिम्स अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। इस घटना के बाद सड़क किनारे खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की स्वच्छता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।



