Raipur Crime: क्रूरता की हद पार.. रायपुर में 3 साल के बच्चे से मारपीट, हाथ टूटा और शरीर पर मिले जलने के निशान
पति-पत्नी के विवाद के दौरान बच्चे को पीटने का आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बच्चे का सौतेला पिता राजा उसके साथ मारपीट करता था और मां अन्नू देवी उसे रोकने के लिए हस्तक्षेप नहीं करती थी। बच्चे के साथ पहले भी मारपीट किए जाने की बात शिकायतकर्ताओं ने कही है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में यह जानकारी सामने आई कि पति-पत्नी के बीच विवाद होने पर गुस्से में बच्चे की पिटाई की जाती थी। हालांकि, मामले के सभी पहलुओं की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
बस्ती के लोगों ने बच्चे की सुरक्षा की मांग की
घटना सामने आने के बाद मोहल्ले के लोगों ने बच्चे की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। शिकायतकर्ताओं ने आशंका व्यक्त की कि पुलिस कार्रवाई के डर से किराए के मकान में रहने वाला परिवार कहीं दूसरी जगह न चला जाए। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि बच्चे का मेडिकल परीक्षण कराया जाए और उसे बाल कल्याण समिति (CWC) के सामने पेश किया जाए। उन्होंने बच्चे को सुरक्षित बाल गृह में रखने की भी मांग की, ताकि उसकी देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
किशोर न्याय अधिनियम और BNS के तहत मामला दर्ज
Raipur Crime: पुलिस ने बच्चे के साथ कथित क्रूरता और मारपीट के मामले में तीन कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की है। दर्ज प्राथमिकी में किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल और संरक्षण) अधिनियम, 2015 की धारा 75 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) और 3(5) शामिल हैं। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं और मामले की आगे जांच की जा रही है। जांच के दौरान बच्चे के साथ हुई कथित मारपीट की परिस्थितियों और शिकायत में लगाए गए आरोपों से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जाएगी।



