CG NEWS:नीदरलैंड से मां-बहन की तलाश में रायपुर पहुंची सुनीता,40 साल बाद बहन से हुआ संपर्क

प्रविंस मनहर/रायपुर – राजधानी रायपुर से भावुक कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां अपनी मां और बहन की तलाश में नीदरलैंड से आई सुनीता को पुलिस की मदद से परिवार का पता मिल गया है। करीब 40 साल से अपने परिवार से संपर्क नहीं होने के बाद अब सुनीता की अपनी बहन से वीडियो कॉल के जरिए बातचीत कराई गई है। जल्द ही दोनों बहनों की मुलाकात होने की उम्मीद है। जानकारी के मुताबिक, सुनीता अपने पिता के साथ सऊदी अरब में रहती थीं। करीब एक साल पहले उनके पिता का निधन हो गया। पिता ने सुनीता को बताया था कि उनकी मां और बहन रायपुर में रहती हैं। इसी जानकारी के आधार पर सुनीता अपने परिवार की तलाश में नीदरलैंड से रायपुर पहुंचीं और पुलिस कमिश्नर से मदद की गुहार लगाई।
मामले में पुलिस ने खोजबीन शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि सुनीता की मां और बहन करीब 15 साल पहले रायपुर के गुढ़ियारी इलाके में रहती थीं, लेकिन बाद में मुंबई शिफ्ट हो गईं। इसके बाद पुलिस ने उनकी बहन का संपर्क नंबर तलाशा और वीडियो कॉल के जरिए सुनीता की अपनी बहन से बातचीत कराई। DCP तारकेश्वर पटेल की पहल पर दोनों बहनों के बीच संपर्क स्थापित हो सका। अब सुनीता की बहन एक-दो दिन के भीतर मुंबई से रायपुर आने वाली हैं, जहां उनकी सुनीता से मुलाकात होगी। करीब चार दशक बाद परिवार से जुड़ने की उम्मीद ने सुनीता की तलाश को एक नया मोड़ दिया है। अब उन्हें अपनी मां से भी मिलने की आस है। पुलिस की मदद से परिवार तक पहुंचने की यह कहानी भावुक कर देने वाली है।




