CG Double Murder: डबल मर्डर से दहल उठा छत्तीसगढ़ का ये जिला, घर घुसकर मां-बेटे की हत्या, बेटी गंभीर रूप से घायल
घर में घुसकर किया हमला
पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, वारदात रात करीब 8:30 से 9:30 बजे के बीच हुई। हमले में कमला सोनकर और उनके बेटे हितेंद्र सोनकर की जान चली गई, जबकि बेटी ममता सोनकर गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल ममता को पहले डोंगरगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया गया। फिलहाल डीकेएस अस्पताल में उसका इलाज जारी है।
पति के लौटने पर सामने आई घटना
बताया जा रहा है कि वारदात के समय कमला सोनकर के पति घर से बाहर थे। उनके वापस लौटने पर घटना का पता चला। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। डीएसपी सुमन जायसवाल के मुताबिक, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस हमले से जुड़ी परिस्थितियों और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
पारिवारिक रंजिश समेत कई पहलुओं की पड़ताल
CG Double Murder: शुरुआती जांच में वारदात के पीछे आपसी रंजिश होने की आशंका जताई जा रही है। परिवार के एक रिश्तेदार पर भी संदेह व्यक्त किया गया है, लेकिन पुलिस ने अभी तक उसकी संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस पारिवारिक विवाद सहित अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल हमलावर की पहचान और हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा।



