CM Sai Returns From Singapore: सिंगापुर दौरे से लौटे CM साय, बताया दौरे का अनुभव, बोले- ऊर्जा-कृषि और सोलर सेक्टर में निवेश पर हुई चर्चा
रायपुर। CM Sai Returns From Singapore: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सिंगापुर के तीन दिवसीय दौरे के बाद छत्तीसगढ़ लौट आए हैं। रायपुर पहुंचने के बाद उन्होंने अपने विदेश दौरे की जानकारी साझा की। मुख्यमंत्री ने बताया कि वे 3 से 6 अक्टूबर तक सिंगापुर प्रवास पर थे। इस दौरान उन्होंने इंडिया ग्रोथ फोरम 2026 सहित कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं को लेकर विदेशी उद्योगपतियों और निवेशकों के साथ चर्चा की। सीएम साय के मुताबिक, सिंगापुर के उद्योग जगत से जुड़े कई प्रतिनिधियों के सामने छत्तीसगढ़ की औद्योगिक क्षमता, संसाधनों और निवेश की संभावनाओं को रखा गया। उन्होंने निवेशकों को छत्तीसगढ़ आने का न्योता भी दिया।
Aaj Ka Rashifal: आज इन तीन राशि वाले जातकों के लिए दिन रहेगा खास, जानें क्या कहते हैं सितारे
43,600 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिलने का दावा
मुख्यमंत्री ने बताया कि सिंगापुर यात्रा के दौरान छत्तीसगढ़ के लिए कुल 43,600 करोड़ रुपये के विदेशी निवेश प्रस्ताव मिले हैं। उनके अनुसार, इनमें सबसे बड़ा प्रस्ताव एनर्जी कैपिटल ग्लोबल की ओर से आया है। सीएम साय ने बताया कि एनर्जी कैपिटल ग्लोबल ने करीब 41,750 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया है। इसके अलावा एग्री बिजनेस वैलेंसी इंटरनेशनल कंपनी की ओर से करीब 350 करोड़ रुपये के निवेश की संभावना जताई गई है। मुख्यमंत्री के अनुसार, कृषि क्षेत्र में होने वाले निवेश से प्रदेश में स्थानीय स्तर पर एग्री बिजनेस और कृषि गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकता है।
सोलर सेक्टर में 1500 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव
सीएम साय ने बताया कि सन स्ट्रीम ग्रीन एनर्जी की ओर से भी करीब 1,500 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव पर चर्चा हुई है। कंपनी सोलर सेक्टर में काम करेगी और बैटरी स्टोरेज के साथ उससे जुड़े कंपोनेंट्स के क्षेत्र में निवेश की योजना पर आगे बढ़ेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊर्जा और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में निवेश से छत्तीसगढ़ में नए उद्योगों के साथ रोजगार के अवसर भी तैयार हो सकते हैं।
IT और स्किल डेवलपमेंट को लेकर भी MOU
सिंगापुर दौरे के दौरान IT और शिक्षा के क्षेत्र में भी समझौता होने की जानकारी मुख्यमंत्री ने दी। उन्होंने बताया कि IT एजुकेशन सर्विस से संबंधित एक MOU हुआ है। मुख्यमंत्री के अनुसार, दौरे के दौरान उन्होंने एक IT परिसर का भ्रमण भी किया। उन्होंने इसे दुनिया में चर्चित कौशल विकास मॉडल से जुड़ी संस्था बताया और कहा कि इस मॉडल से छत्तीसगढ़ में कौशल विकास को बेहतर बनाने के लिए सीख ली जा सकती है।
CM साय का दावा- निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारेंगे
सिंगापुर दौरे में हुए MOU और निवेश प्रस्तावों के क्रियान्वयन को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसी भी समझौते को बिना जांच-पड़ताल के आगे नहीं बढ़ा रही है। सीएम साय ने कहा कि सरकार जिन कंपनियों के साथ MOU कर रही है, उनके प्रस्तावों को पूरी तरह जांचने-परखने के बाद ही आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश की जनता को भरोसा दिलाया कि निवेश से जुड़े प्रस्तावों को जमीन पर उतारने का प्रयास किया जाएगा और इसका लाभ प्रदेश के लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति’ कार्यक्रम
सिंगापुर दौरे के साथ मुख्यमंत्री ने प्रदेश में होने वाले भाजपा के ‘सेवा ज्योति’ कार्यक्रम को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी संभाली थी। इसी अवसर को सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए मनाया जा रहा है।
जिला मुख्यालयों पर लोग सुनेंगे PM का संबोधन
CM Sai Returns From Singapore: सीएम साय ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत करीब 13 प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें ‘सेवा ज्योति’ कार्यक्रम भी शामिल है। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में कार्यक्रम आयोजित होंगे, जहां लोग प्रधानमंत्री का संबोधन सुनेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि 17 सितंबर को भी देशभर में लोगों ने दीप जलाकर प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं दी थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प के साथ सेवा के क्षेत्र में जो ज्योति प्रज्वलित की है, उसे आगे बढ़ाने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।




