UP News: छात्रा को सजा देने पर बवाल, पिता ने स्कूल में घुसकर प्रिंसिपल से की मारपीट, जानें मामला
गोरखपुर। UP News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में स्कूल में छात्रा को अनुशासन के नाम पर सजा देना विवाद की वजह बन गया। आरोप है कि कक्षा-6 की छात्रा के पिता ने स्कूल पहुंचकर प्रिंसिपल के साथ मारपीट की, उन्हें थप्पड़ मारे और उनकी शर्ट तक फाड़ दी। घटना के बाद प्रिंसिपल की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
देर से स्कूल पहुंचने पर छात्रा को मिली सजा
मामला गोला थाना क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय खिरकिटा दुबे का बताया जा रहा है। प्रिंसिपल जितेंद्र कुमार के अनुसार, 1 सितंबर की सुबह कक्षा-6 की एक छात्रा स्कूल देर से पहुंची थी। स्कूल में अनुशासन बनाए रखने के लिए उसे कुछ समय के लिए ‘मुर्गा’ बनने की सजा दी गई। स्कूल की छुट्टी के बाद छात्रा ने घर जाकर घटना की जानकारी अपने पिता दिलीप कुमार को दी। बेटी से सजा मिलने की वजह जानने के बाद पिता स्कूल पहुंच गया।
समझाने के दौरान बढ़ी कहासुनी
प्रिंसिपल का आरोप है कि दिलीप कुमार ने स्कूल पहुंचकर छात्रा को सजा दिए जाने पर सवाल किया। प्रिंसिपल ने जब उन्हें पूरे मामले की जानकारी देने की कोशिश की तो बातचीत के दौरान दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि कहासुनी के बाद दिलीप कुमार ने प्रिंसिपल के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उन्हें कई थप्पड़ मारे गए और उनकी शर्ट भी फट गई।
शिक्षकों ने बीच-बचाव कर रोका हंगामा
प्रिंसिपल के मुताबिक, घटना के दौरान स्कूल परिसर में मौजूद अन्य शिक्षक भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बीच-बचाव करते हुए किसी तरह प्रिंसिपल को आरोपी से अलग कराया। आरोप यह भी है कि हंगामे के दौरान स्कूल के कुछ सामान को नुकसान पहुंचाया गया। शिक्षकों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। इसके बाद प्रिंसिपल ने पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने प्रिंसिपल की तहरीर के आधार पर 3 सितंबर को दिलीप कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। गोला थाना प्रभारी निरीक्षक चंद्रप्रकाश पांडेय के मुताबिक, आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
UP News: पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी का स्कूल से पहले किसी तरह का विवाद था या नहीं। बताया जा रहा है कि दिलीप कुमार पेंट-पॉलिश का काम करता है और स्कूल में ठेका लेने को लेकर उसका पहले भी विवाद हो चुका है। इस पहलू को भी जांच में शामिल किया गया है।




