CG Road Accident: भीषण हादसा… खड़े ट्रक में जा घुसी बाइक, हादसे में एक की मौत, दो गंभीर घायल
भानुप्रतापपुर। CG Road Accident: भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्राम किनारी से दल्लीराजहरा की ओर जा रही बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
सीटी ढाबा के पास हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, ग्राम किनारी निवासी तिलक कमेटी, रमिता कमेटी और जमुना मंडावी एक ही बाइक पर सवार होकर दल्लीराजहरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सीटी ढाबा के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे बाइक अनियंत्रित होकर जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तिलक कमेटी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रमिता कमेटी और जमुना मंडावी गंभीर रूप से घायल हो गए।
112 की टीम ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे की सूचना मिलते ही 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने घायलों को प्राथमिक सहायता के बाद अस्पताल पहुंचाया। मृतक के शव को भी अस्पताल लाया गया। इधर, घटना की जानकारी मिलने पर भानुप्रतापपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी।
खड़े ट्रक से कैसे टकराई बाइक, जांच जारी
CG Road Accident: पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। सड़क किनारे खड़े ट्रक से बाइक किस परिस्थिति में टकराई, इसे लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया जा रहा है। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटा रही है। फिलहाल हादसे में एक व्यक्ति की मौत और दो लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की पुष्टि हुई है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।




