Road Accident: तेज रफ्तार बस ने सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंदा, हादसे में 5 की मौत, कई घायल
बेतिया। Road Accident: पश्चिमी चंपारण के लौरिया थाना क्षेत्र के बनकटवा गांव में देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों के माहौल को गम में बदल दिया। एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े लोगों को अपनी चपेट में लेते हुए निकल गई। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब आधा दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं।
छठियार कार्यक्रम के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, बनकटवा गांव निवासी देवेंद्र दुबे के घर बेटे के जन्म के बाद छठियार कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में आर्केस्ट्रा का भी आयोजन किया गया था, जिसके चलते बड़ी संख्या में ग्रामीण और मेहमान मौके पर मौजूद थे। इसी दौरान सड़क से गुजर रही एक बस अचानक बेकाबू हो गई। देखते ही देखते बस सड़क किनारे मौजूद लोगों को कुचलती हुई आगे निकल गई। अचानक हुए हादसे से कार्यक्रम स्थल पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पांच लोगों की गई जान
हादसे में संजय कुमार, छांगुर राम, राकेश कुमार दुबे, देवेंद्र दुबे और बहादुर महतो की मौत होने की जानकारी सामने आई है। सबसे दर्दनाक बात यह रही कि जिस परिवार में बच्चे के जन्म की खुशी मनाई जा रही थी, उसी परिवार के सदस्य देवेंद्र दुबे की भी हादसे में जान चली गई। कुछ ही देर पहले जहां उत्सव का माहौल था, वहीं हादसे के बाद वहां मातम पसर गया।
आधा दर्जन लोग घायल
दुर्घटना में घायल करीब छह लोगों को तत्काल इलाज के लिए बेतिया जीएमसीएच ले जाया गया। डॉक्टरों की निगरानी में सभी का उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
Road Accident: घटना की जानकारी मिलते ही लौरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू कराया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेतिया जीएमसीएच भेज दिया है। प्रारंभिक जानकारी में बस की तेज रफ्तार को हादसे की वजह बताया जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। हादसे के बाद पूरे बनकटवा गांव में शोक का माहौल है।




