Bhatapara News: बिजली विभाग में नौकरी के नाम पर 2 लाख की ठगी, साले ने जीजा और बहन के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत
भाटापारा। Bhatapara News: भाटापारा शहर थाना क्षेत्र में बिजली विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 2 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी दंपती को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी वीरेंद्र साहू और उसकी पत्नी को रायपुर से पकड़ा है। दोनों के खिलाफ शिकायत के बाद पुलिस लंबे समय से उनकी तलाश कर रही थी।
नौकरी लगाने का झांसा देकर लिए रुपये
पुलिस के अनुसार, महावीर वार्ड निवासी वीरेंद्र साहू पर आरोप है कि उसने बिजली विभाग में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाकर अपने ही साले से रकम ली थी। नौकरी की उम्मीद में पीड़ित ने आरोपी को करीब 2 लाख रुपये दिए, लेकिन रकम लेने के बाद नौकरी नहीं लगवाई गई। मामले में आरोपी के सगे साले ने जीजा वीरेंद्र साहू और अपनी बहन के खिलाफ भाटापारा शहर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
2025 से फरार थे आरोपी
पुलिस के मुताबिक, मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी दंपती वर्ष 2025 से फरार चल रहे थे। पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी थी। जांच के दौरान उनके रायपुर में मौजूद होने की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
शिक्षा विभाग में संविदा पर काम कर चुका है आरोपी
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी वीरेंद्र साहू पहले शिक्षा विभाग में संविदा कम्प्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। इसी वजह से लोगों के बीच उसकी पहचान और सरकारी विभागों में संपर्क होने का भरोसा बनाया गया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नौकरी के नाम पर आरोपी ने अन्य लोगों से भी रकम ली थी या नहीं।
Durg Acid Attack: मंदिर जा रही महिला पर एसिड अटैक, आरोपी ने अचानक किया हमला, दो बच्चे भी झुलसे
पुलिस कर रही आगे की जांच
Bhatapara News: भाटापारा शहर थाना पुलिस ने आरोपी दंपती को गिरफ्तार कर मामले की जांच आगे बढ़ा दी है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर ठगी की रकम, नौकरी दिलाने के नाम पर किए गए वादों और इस मामले में अन्य लोगों की संभावित भूमिका की जानकारी जुटा रही है।पुलिस का कहना है कि जांच में यदि अन्य पीड़ितों या आरोपियों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




