BJP State Incharge List: BJP ने 3 राज्यों के लिए नियुक्त किए नए प्रभारी और सह-प्रभारी, नितिन नवीन ने जारी किया आदेश
नई दिल्ली। BJP State Incharge List: भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए तीन राज्यों के लिए नए प्रदेश प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर की गई ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। नई जिम्मेदारियां उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात के लिए तय की गई हैं।
उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी विनोद तावड़े को
BJP ने उत्तर प्रदेश का नया प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े को बनाया है। तावड़े पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा सांसद हैं। वहीं जगदीश ईश्वरभाई पटेल को उत्तर प्रदेश का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। पटेल वर्तमान में पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री हैं। उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राजनीतिक राज्य में संगठन की जिम्मेदारी मिलने के बाद आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी भूमिका अहम मानी जा रही है।
पंजाब में सतीश पूनिया को कमान
पार्टी ने पंजाब के प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी डॉ. सतीश पूनिया को सौंपी है। पूनिया BJP के राष्ट्रीय महामंत्री होने के साथ राज्यसभा सांसद भी हैं। उनके नेतृत्व में पंजाब में पार्टी संगठन को मजबूत करने और प्रदेश स्तर पर गतिविधियों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी।
गुजरात का प्रभार तरुण चुग को
वहीं BJP ने गुजरात का प्रदेश प्रभारी तरुण चुग को नियुक्त किया है। चुग राज्यसभा सांसद होने के साथ पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।
बाकी राज्यों में फिलहाल पुरानी व्यवस्था जारी
पार्टी की ओर से जारी विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया है कि अन्य राज्यों के प्रदेश प्रभारियों और सह-प्रभारियों की नियुक्ति समय आने पर अलग से की जाएगी। तब तक बाकी राज्यों में मौजूदा व्यवस्था के तहत ही संगठनात्मक कामकाज जारी रहेगा।
तत्काल प्रभाव से लागू होंगी नियुक्तियां
BJP State Incharge List: BJP की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात में की गई नई नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से प्रभावी होंगी। पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर जिम्मेदारियों के इस बदलाव के जरिए संबंधित राज्यों में पार्टी के कामकाज को और मजबूत करने का संकेत दिया है। यह नियुक्ति संबंधी विज्ञप्ति तरुण चुग, सांसद एवं राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी की ओर से जारी की गई है।





