Road Accident: स्वतंत्रता दिवस के दिन बड़ा हादसा…दो अलग-अलग घटनाओं में 8 लोगों की मौत, मची चीख-पुकार
लखनऊ/रतलाम। Road Accident: उत्तर प्रदेश के लखनऊ और मध्य प्रदेश के रतलाम में शनिवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। लखनऊ में ईंट-भट्ठे के मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चार मजदूरों की मौत हो गई। वहीं रतलाम में मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर कार और ट्रक की टक्कर में चार लोगों की जान चली गई।
लखनऊ में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 4 मजदूरों की मौत
लखनऊ के गोसाईंगंज थाना क्षेत्र में सुल्तानपुर हाईवे पर गंगागंज के पास सुबह एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। ट्रॉली में ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले मजदूर सवार थे। हादसा इतना गंभीर था कि ट्रॉली के नीचे कई मजदूर दब गए। हादसे में चार मजदूरों की मौके पर ही मौत होने की जानकारी सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।
रतलाम में कार-ट्रक की जोरदार टक्कर
दूसरी घटना मध्य प्रदेश के रतलाम में मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर देर रात हुई। यहां एक कार सड़क पर खड़े ट्रक से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में तीन महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, परिवार झाबुआ से राजस्थान के खाटू श्याम मंदिर दर्शन के लिए जा रहा था। इसी दौरान एक्सप्रेसवे पर सामने खड़े ट्रक को पार करने की कोशिश में कार चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया। कार पहले अनियंत्रित होकर पलटी और फिर ट्रक से जा भिड़ी।
PM Modi Speech: लाल किले से PM मोदी की बड़ी चेतावनी, बोले- ‘दिमागी नक्सली’ मौके की तलाश में
बच्चों समेत 5 लोग घायल
Road Accident: टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं। घायलों में तीन साल की बच्ची और 10 साल का बच्चा भी शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल रतलाम मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। दोनों घटनाओं के बाद संबंधित पुलिस ने हादसों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के आधार पर दुर्घटनाओं के कारणों का पता लगाया जा रहा है।




