Rajgarh Accident: नाले में बही 11 यात्रियों से भरी ईको वैन, हादसे में 9 लोगों की मौत, सीएम ने किया मुआवजे का ऐलान
राजगढ़। Rajgarh Accident: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। पचोर-सारंगपुर मार्ग पर पड़ाना कस्बे के पास तेज बहाव वाले झिरी नाले को पार करने के दौरान 11 यात्रियों से भरी ईको वैन पानी में बह गई। हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि दो लोग किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए। हादसे के बाद एसडीआरएफ की टीम ने बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। बरामद किए गए सभी शवों को सारंगपुर लाया गया है।
जानकारी के मुताबिक, वैन में सवार सभी लोग देवास जिले के रहने वाले थे। वे सतवास से कड़लावद गांव की ओर जा रहे थे। वाहन में 3 पुरुष, 4 महिलाएं और 4 बच्चे सवार थे। बताया गया कि ईको वैन सतवास क्षेत्र के धांसड़ गांव निवासी मुकेश सिंह चौहान के नाम पर पंजीकृत थी और हादसे के समय वही वाहन चला रहे थे। उनके साथ उनके चाचा हुकुम सिंह भी सवार थे। नाले में वाहन गिरने के बाद मुकेश सिंह चौहान और हुकुम सिंह किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे।
निर्माणाधीन पुल के ऊपर बह रहा था पानी
हादसे की वजह को लेकर प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि पड़ाना के पास झिरी नाले पर करीब 30 फीट लंबा पुल निर्माणाधीन है। लगातार बारिश के कारण नाले का पानी पुल के ऊपर से बह रहा था। इसी दौरान वाहन चालक को पुल की अधूरी स्थिति और पानी के तेज बहाव का अंदाजा नहीं लग पाया। वैन पुल पर आगे बढ़ गई और पानी के तेज प्रवाह की चपेट में आकर नाले में बह गई। घटना के बाद शुरुआती तौर पर चार लोगों की मौत की जानकारी सामने आई थी। रेस्क्यू अभियान आगे बढ़ने के साथ मृतकों की संख्या बढ़ती गई और आखिरकार 9 शव बरामद किए गए।
स्थानीय लोगों ने वाहन चालक को रोका था: SDM
सारंगपुर के SDM रोहित बम्होरे के मुताबिक, क्षेत्र में पिछली रात से ही भारी बारिश हो रही थी। लगातार बारिश के कारण आसपास के करीब 40 से 50 गांवों में जलभराव की स्थिति बन गई थी। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह करीब 9 बजे पुलिया के पास से एक वाहन के नीचे गिरने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने के बाद पता चला कि स्थानीय लोगों ने चालक को पानी के बीच से वाहन निकालने से मना किया था। इसके बावजूद वाहन आगे बढ़ा और तेज बहाव की चपेट में आ गया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने मोर्चा संभालते हुए नाले में तलाश अभियान चलाया।
परिजनों को 4-4 लाख की सहायता
राजगढ़ कलेक्टर डॉ. गिरीश मिश्रा ने बताया कि हादसे में लापता सभी 9 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की स्वीकृति दी गई है। प्रारंभिक जांच में हादसे के पीछे वाहन चालक की लापरवाही की बात सामने आने की जानकारी प्रशासन की ओर से दी गई है। हालांकि, हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जताया दुख
हादसे पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए सहायता राशि देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजगढ़ में बारिश के कारण हुए इस हादसे में यात्रियों की मौत बेहद दुखद है। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवारों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति मिलने की प्रार्थना भी की।
बारिश के बीच प्रशासन अलर्ट
Rajgarh Accident: राजगढ़ जिले में लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से नदी, नाले और जलमग्न पुल-पुलियों को पार करने से बचने की अपील की है। यह हादसा एक बार फिर तेज बारिश के दौरान निर्माणाधीन पुल और उफनते नालों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। प्रशासन की ओर से ऐसे संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत महसूस की जा रही है।




