Raipur Crime News: रेलवे ट्रैक के किनारे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मिली लाश, चेहरे पर गहरे जख्म, हत्या की आशंका
रायपुर। Raipur Crime News: रायपुर के आमानाका थाना इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रेलवे ट्रैक के किनारे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने शव को देखा और इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही आमानाका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की उम्र करीब 28 वर्ष बताई जा रही है, हालांकि अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है।
पुलिस के मुताबिक, युवक के चेहरे और शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। इन्हीं चोटों के चलते प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध माना जा रहा है और हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। युवक की मौत ट्रेन हादसे में हुई है या फिर उसकी हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक के किनारे फेंका गया है, इन दोनों एंगल से जांच की जा रही है।
Raipur Crime News: पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही मृतक की पहचान के प्रयास में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की असली वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।




