Baba Baijnath Dham: महावीर कांवरिया संघ के 81 श्रद्धालु बाबा बैजनाथ धाम के लिए रवाना, सुल्तानगंज से करेंगे 108 किमी की पदयात्रा

रायपुर। Baba Baijnath Dham: सावन माह में आस्था और श्रद्धा का उत्साह चरम पर है। इसी कड़ी में राजधानी रायपुर के वार्ड क्रमांक 7 दलदल सिवनी से महावीर कांवरिया संघ के 81 श्रद्धालुओं का जत्था सोमवार को बाबा बैजनाथ धाम, देवघर (झारखंड) के लिए रवाना हुआ। श्रद्धालुओं के जत्थे में बच्चे, महिलाएं और पुरुष शामिल हैं। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और धार्मिक आस्था देखने को मिली।

महावीर कांवरिया संघ वर्ष 2006 से लगातार वार्ड, प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना के साथ बाबा बैजनाथ धाम की यात्रा करता आ रहा है। इस वर्ष भी श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धापूर्वक रवाना हुए।

यात्रा के दौरान श्रद्धालु पहले बिहार के सुल्तानगंज पहुंचेंगे। वहां से पवित्र गंगाजल लेकर सभी श्रद्धालु करीब 108 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा पूरी करेंगे। इसके बाद देवघर स्थित बाबा बैजनाथ धाम पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे और सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना करेंगे।

रवाना होने से पहले दलदल सिवनी के मिलन चौक में श्रद्धालुओं का आत्मीय स्वागत किया गया। वार्डवासियों ने पुष्पगुच्छ और नारियल भेंट कर कांवरियों को मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए विदाई दी। इस दौरान “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया।
Baba Baijnath Dham: इस अवसर पर पूर्व विधायक श्रीमती अनिता योगेंद्र शर्मा, वार्ड पार्षद खेम कुमार सेन, पूर्व पार्षद श्रीमती सुशीला धीवर, विजय पटेल, छन्नूलाल साहू, रेखराम तारक, जीतराम पटेल और गोपाल यादव सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे। सभी ने श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुखद और सफल यात्रा की कामना की।




