Raipur Fire News: राजधानी के इस बार में देर रात लगी भीषण आग, चपेट में आए आसपास के कई दुकान, 3-4 बाइक जलकर स्वाहा

हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur Fire News: राजधानी रायपुर से एक बड़ी खबर सामने आई। तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित ऑक्टोपस बार में देर रात भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और बार के साथ आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि कुछ स्थानों पर अभी भी धुआं और सुलगन बनी हुई है।
आग की चपेट में आने से बार पूरी तरह जलकर खाक हो गया। वहीं बाहर खड़ी 3 से 4 मोटरसाइकिलें भी आग में जल गईं। घटना के दौरान बार के भीतर कई कर्मचारी फंस गए थे, जिन्हें पुलिस और दमकल कर्मियों ने जोखिम उठाकर सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि समय रहते रेस्क्यू अभियान चलाए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
Raipur Fire News: घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। पूरे इलाके को सुरक्षा की दृष्टि से घेर लिया गया है और लोगों की आवाजाही पर भी नजर रखी जा रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट सहित सभी संभावित कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा।




