Delhi Fire News: बिल्डिंग में लगी भीषण आग, मां और दो मासूम बेटियों की झुलस कर दर्दनाक मौत, परिवार में पसरा मातम
नई दिल्ली। Delhi Fire News: राजधानी दिल्ली के लोधी रोड स्थित बीके दत्त कॉलोनी में मंगलवार सुबह एक रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से एक महिला और उसकी दो बेटियों की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के अनुसार, सुबह करीब 10:21 बजे आग लगने की सूचना मिली। घटना लोधी रोड थाना क्षेत्र में चावला स्वीट्स के सामने स्थित एक बहुमंजिला इमारत की तीसरी मंजिल पर हुई थी। सूचना मिलते ही वॉटर टेंडर, वॉटर बाउज़र और विशेष रेस्क्यू उपकरणों से लैस दमकल दल मौके पर रवाना किया गया।
दमकलकर्मियों ने आग बुझाने के साथ-साथ राहत एवं बचाव अभियान चलाया। तलाशी के दौरान तीसरी मंजिल से एक महिला और उसकी दो बेटियों के शव बरामद किए गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग की चपेट में आने से तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान आकांक्षा शर्मा (40), उनकी 12 वर्षीय बेटी आराध्या शर्मा (मित्जी) और 8 वर्षीय बेटी मिहिका शर्मा (रित्जी) के रूप में हुई है। दमकल विभाग ने करीब 11:10 बजे आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया, जिसके बाद दोबारा आग भड़कने की आशंका को देखते हुए कूलिंग ऑपरेशन भी चलाया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के समय महिला के पति मोहित शर्मा, जो पेशे से अधिवक्ता हैं, परिवार के अन्य सदस्यों के साथ इमारत की दूसरी मंजिल पर मौजूद थे। हादसे के बाद पुलिस, जिला अपराध शाखा और फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
Delhi Fire News: अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती जांच में किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि के स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। बताया गया है कि आकांक्षा शर्मा वर्ष 2020 से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी उपचार भी ले रही थीं, लेकिन अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि घटना के कारणों पर अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है।




