Raipur News: चलती ट्रेन में युवक को मिली ‘तालिबानी सजा’! दरवाजे से लटकाया, फिर लात मारकर नीचे गिराया, वीडियो वायरल
हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur News: चलती ट्रेन में कानून हाथ में लेने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रायपुर पहुंचने से पहले उरकुरा और मांढ़र स्टेशन के बीच आजाद हिंद एक्सप्रेस में एक यात्री ने मोबाइल चोरी के आरोपी युवक को कथित तौर पर लात मारकर ट्रेन से नीचे गिरा दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि यह घटना 14 जुलाई की है। वीडियो में कुछ यात्री चोरी के आरोपी युवक को पकड़कर पूछताछ करते दिखाई देते हैं। इसी दौरान एक यात्री गुस्से में आकर उसे चलती ट्रेन से धक्का देता है, जिससे युवक नीचे गिर जाता है। घटना के बाद ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जीआरपी ने वीडियो और जांच के आधार पर कानून हाथ में लेने वाले यात्री आर. सुरेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2) और 117(3) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
Raipur News: वहीं ट्रेन से गिरा घायल युवक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जीआरपी लगातार कर रही है। पुलिस का कहना है कि चोरी का आरोप हो या कोई अन्य अपराध, किसी को भी खुद सजा देने का अधिकार नहीं है। कानून अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




