Raipur News: छत्तीसगढ़िया वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ का प्रदेश संगठन चुनाव संपन्न, शेखर वर्मा निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित
हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur News: छत्तीसगढ़िया वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ के प्रदेश संगठन का चुनाव रविवार को सर्वसम्मति से संपन्न हुआ। निर्वाचन अधिकारी के रूप में के.आर. श्रीवास एवं हीरालाल साहू की मौजूदगी में नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद शेखर वर्मा को निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष चुना गया। इसके साथ ही संगठन की नई कार्यकारिणी का भी गठन किया गया।
महासंघ के महासचिव पद पर कुबेर चंद्राकर को जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं उपाध्यक्ष के रूप में दिलीप टिकरिहा, मोहन चंद्राकर, माशीष साहू, ईश्वर पटेल और पुनारद निषाद निर्वाचित हुए। ललित साहू को कोषाध्यक्ष तथा विनोद रात्रे और दिनेश सरसीह को उप कोषाध्यक्ष बनाया गया। विजय चंद्रवंशी और गुलाब साहू उप सचिव, देवेंद्र संभाकर संगठन मंत्री तथा रामशरण टंडन, घनश्याम सिन्हा, गोविंद यादव, गैरी बघेल, नोहर साहू और नागेश वर्मा कार्यकारिणी सदस्य चुने गए।
व्यापारियों को एकजुट कर हितों की रक्षा का संकल्प
नवनिर्वाचित अध्यक्ष शेखर वर्मा और नई कार्यकारिणी ने प्रदेशभर के छत्तीसगढ़िया व्यापारियों एवं उद्योग जगत से जुड़े लोगों को एकजुट कर उनके हितों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि संगठन व्यापारियों को प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और नए अवसर उपलब्ध कराकर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में प्रभावी पहल करेगा।
व्यापार और सामाजिक सरोकार दोनों पर रहेगा फोकस
महासंघ लंबे समय से छत्तीसगढ़िया व्यापारियों और उद्यमियों के हित में सक्रिय भूमिका निभाता आ रहा है। संस्था व्यापार को मजबूत बनाने, नई चुनौतियों से निपटने के लिए प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करती है। हर वर्ष ‘शून्य से शिखर तक’ कार्यक्रम के माध्यम से उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यापारियों और उद्यमियों का सम्मान भी किया जाता है।
Raipur News: इसके अलावा महासंघ रक्तदान शिविर, गर्मी में शरबत वितरण, महापुरुषों की जयंती एवं पुण्यतिथि आयोजन सहित कई सामाजिक और जनहितकारी गतिविधियों का भी नियमित आयोजन करता है। नई कार्यकारिणी ने इन गतिविधियों को और अधिक व्यापक स्तर पर संचालित करने की बात कही।





