CG Monsoon Session: अविश्वास प्रस्ताव पर सदन में तीखी नोकझोंक, नेता प्रतिपक्ष और भाजपा विधायकों के बीच जुबानी जंग
रायपुर। CG Monsoon Session: छत्तीसगढ़ विधानसभा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ विपक्ष द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान सदन में तीखी बहस और हल्की नोकझोंक देखने को मिली।
नेता प्रतिपक्ष ने सरकार के खिलाफ 136 बिंदुओं का आरोप पत्र सदन में पेश करते हुए कहा कि सरकार के 136 सप्ताह के कार्यकाल का हर सप्ताह माताओं, बहनों और युवाओं के खिलाफ एक नया षड्यंत्र, धोखा और नाकामी का प्रतीक रहा है। उन्होंने कहा, “आज मैं सरकार के हर सप्ताह का एक आरोप, एक धोखा और एक नाकामी लेकर आया हूं।”
इस दौरान भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा के गठन के 25 वर्षों के इतिहास में पहली बार ऐसा हो रहा है कि अविश्वास प्रस्ताव की शुरुआत नेता प्रतिपक्ष स्वयं कर रहे हैं। इसका मतलब है कि उन्हें अपने ही विधायकों पर भरोसा नहीं है।
अजय चंद्राकर की इस टिप्पणी पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विपक्षी विधायकों से हाथ उठाकर नेता प्रतिपक्ष के प्रति अपना समर्थन जताने को कहा। इसके बाद सभी विपक्षी विधायकों ने हाथ उठाकर नेता प्रतिपक्ष के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया। इस पर अजय चंद्राकर ने फिर तंज कसते हुए कहा, “ये तो और भी कॉमेडी हो गई कि नेता प्रतिपक्ष के लिए विधायक इस तरह हाथ उठाकर विश्वास जता रहे हैं।”
भाजपा विधायक धरमलाल कौशिक ने भी चुटकी लेते हुए कहा कि स्थिति ऐसी हो गई है कि उनके विधायक हाथ उठाकर विश्वास व्यक्त कर रहे हैं। इस पर नेता प्रतिपक्ष ने सफाई देते हुए कहा कि “मैंने भूपेश बघेल जी से पूछा था कि आप शुरुआत करेंगे या मैं करूं। उन्होंने कहा कि आप शुरू कर लीजिए, बीच में मैं बोल लूंगा।”
CG Monsoon Session: इस पर अजय चंद्राकर ने फिर टिप्पणी की, “इसका मतलब आप उनसे पूछ-पूछकर काम करते हैं।” नेता प्रतिपक्ष ने जवाब देते हुए कहा, “इसमें कोई हर्ज नहीं है। पूछने में क्या दिक्कत है? हम लोग मिलजुलकर काम करते हैं।” अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप और तीखी टिप्पणियों का दौर जारी रहा।




