Son Kiled Her Father: दिल दहला देने वाली वारदात, बेटे ने की लकवाग्रस्त पिता की लाठी से पीटकर हत्या, सामने आई चौंकाने वाली वजह
बिलासपुर। Son Kiled Her Father: रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नवागांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। शराब के नशे में धुत एक युवक ने अपने 75 वर्षीय लकवाग्रस्त पिता की लाठी से बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गंगाराम सूर्यवंशी (75) लंबे समय से पक्षाघात (लकवा) से पीड़ित थे और बिस्तर पर ही जीवन बिता रहे थे। गुरुवार देर रात उनका बेटा शिवचरण सूर्यवंशी, जो कथित तौर पर शराब का आदी है, नशे की हालत में घर पहुंचा और माता-पिता से विवाद करने लगा।
विवाद बढ़ता देख गंगाराम ने अपनी पत्नी को किसी अनहोनी की आशंका से पड़ोसी के घर जाने के लिए कहा। पत्नी के घर से निकलने के बाद शिवचरण काफी देर तक उसे आसपास खोजता रहा। जब वह नहीं मिली तो वह गुस्से में वापस घर लौटा और अपने बिस्तर पर पड़े असहाय पिता पर लाठी से लगातार वार कर दिए। हमले में गंभीर रूप से घायल गंगाराम की मौके पर ही मौत हो गई।
मघटना की जानकारी मिलते ही रतनपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, भागने की कोशिश कर रहे आरोपी शिवचरण सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में घटना के पीछे नशे की हालत में हुए विवाद को कारण माना जा रहा है।




