CG Assembly Monsoon Session: छत्तीसगढ़ विधानसभा मानसून सत्र का तीसरा दिन आज, कई अहम विधेयकों और जनहित के मुद्दों पर होगी चर्चा
रायपुर। CG Assembly Monsoon Session: छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का तीसरा दिन आज कई महत्वपूर्ण मुद्दों और विधायी कार्यों के साथ शुरू होगा। सदन में एक बार फिर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस और हंगामे के आसार हैं। विपक्ष विभिन्न जनहित और राजनीतिक मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की रणनीति तैयार कर चुका है। सूत्रों के अनुसार, विपक्ष नकटी प्रकरण को लेकर स्थगन प्रस्ताव लाकर सदन में चर्चा की मांग कर सकता है। इसके अलावा प्रश्नकाल के दौरान विधायक विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों पर सरकार से जवाब मांगेंगे।
आज के सदन की कार्यवाही में इंद्रावती टाइगर रिजर्व में बाघों के शिकार का मामला भी प्रमुखता से उठेगा। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से इस विषय पर सरकार से जवाब मांगेंगे। वहीं, शासकीय मुद्रणालय में प्रिंटिंग कार्य में कथित अनियमितताओं का मुद्दा भी सदन में गूंजेगा। इस मामले में विपक्ष सरकार को कटघरे में खड़ा कर सकता है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सदन में कई शासकीय उपक्रमों और सरकारी कंपनियों की वार्षिक प्रतिवेदन (Annual Reports) पटल पर रखेंगे। इसके साथ ही सरकार कई महत्वपूर्ण विधेयक भी सदन में पेश करेगी।
आज अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा (संशोधन) विधेयक-2026, औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन एवं ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस से संबंधित विधेयक, भाड़ा नियंत्रण संशोधन विधेयक, निजी विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक तथा वैट एवं जीएसटी संशोधन विधेयकों पर चर्चा होने की संभावना है। इनमें से कुछ विधेयकों को चर्चा के बाद पारित भी कराया जा सकता है।
CG Assembly Monsoon Session: इसके अलावा शिक्षा, सड़क, पुल, पर्यटन, छात्रावास और अन्य जनहित से जुड़े कई विषयों पर विधायकों द्वारा याचिकाएं भी सदन में प्रस्तुत की जाएंगी। आज की कार्यवाही में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण नीतिगत फैसलों और विधायी प्रस्तावों पर पूरे प्रदेश की नजर रहेगी।
यह भी देखें




