NGT Action: NGT की सख्ती… शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम समेत 3 स्टेडियमों में खेल पर लगाई रोक, जानें वजह
रायपुर। NGT Action: राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) ने भूजल संरक्षण और उपचारित (ट्रीटेड) पानी के उपयोग से जुड़े मामले में बड़ा अंतरिम आदेश जारी करते हुए रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम सहित देश के तीन प्रमुख स्टेडियमों में खेल गतिविधियों पर अस्थायी रोक लगा दी है। ट्रिब्यूनल ने स्पष्ट किया है कि उसकी पूर्व अनुमति के बिना इन स्टेडियमों में किसी भी प्रकार के खेल आयोजन नहीं किए जा सकेंगे।
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई स्टेडियम परिसरों में भूजल के उपयोग और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) से निकलने वाले उपचारित पानी के इस्तेमाल को लेकर की गई है। NGT ने संबंधित प्रबंधन से इस विषय पर जवाब मांगा था, लेकिन बार-बार नोटिस जारी होने के बावजूद संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया।
रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के अलावा जयपुर का सवाई मानसिंह स्टेडियम और मुंबई का डीवाई पाटिल स्टेडियम भी इस अंतरिम आदेश के दायरे में शामिल हैं। ट्रिब्यूनल के निर्देश के अनुसार, अगली सुनवाई तक इन स्टेडियमों में किसी भी खेल गतिविधि के आयोजन के लिए NGT की अनुमति आवश्यक होगी।
NGT Action: NGT ने मामले की अगली सुनवाई 17 अगस्त को निर्धारित की है। इस दौरान संबंधित पक्षों को अपना पक्ष और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। सुनवाई के बाद ट्रिब्यूनल आगे की कार्रवाई और अंतिम आदेश पर निर्णय लेगा। यह आदेश पर्यावरण संरक्षण, भूजल के संतुलित उपयोग और संसाधनों के सतत प्रबंधन को लेकर NGT की सख्त निगरानी का संकेत माना जा रहा है।




