Bodhghat Police Station: बोधघाट थाना बना छत्तीसगढ़ का नंबर-1 पुलिस थाना, गृह मंत्रालय ने दिया राष्ट्रीय सम्मान
जगदलपुर। Bodhghat Police Station: छत्तीसगढ़ पुलिस और विशेष रूप से बस्तर पुलिस के लिए गर्व का अवसर है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय की वर्ष 2025 की वार्षिक पुलिस थाना रैंकिंग में बोधघाट थाना को छत्तीसगढ़ का सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाना घोषित किया गया है। खास बात यह है कि बस्तर संभाग के किसी थाने को पहली बार यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुआ है।
गृह मंत्रालय हर वर्ष देशभर के पुलिस थानों का विभिन्न मानकों पर मूल्यांकन करता है। इस प्रक्रिया में अपराध नियंत्रण, विवेचना की गुणवत्ता, सामुदायिक पुलिसिंग, नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय, पुलिस अधोसंरचना, नवाचार, रिकॉर्ड संधारण और जनहित आधारित पुलिस सेवाओं जैसे कई पहलुओं को परखा जाता है। इन सभी मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बोधघाट थाना राज्य में शीर्ष स्थान हासिल करने में सफल रहा।
इस उपलब्धि पर केंद्रीय गृह मंत्री के नाम से जारी प्रशस्ति-पत्र बस्तर के तत्कालीन पुलिस महानिरीक्षक पी. सुंदरराज और वर्तमान पुलिस महानिरीक्षक बद्रीनारायण मीना ने तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक लीलाधर राठौड़ तथा वर्तमान थाना प्रभारी निरीक्षक तामेश्वर चौहान को प्रदान किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग, तत्कालीन नगर पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीशिमल और वर्तमान नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे भी मौजूद रहे।
पुलिस अधिकारियों ने इस सम्मान को बोधघाट थाना के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत, अनुशासन और जनसेवा के प्रति समर्पण का परिणाम बताया। उनके अनुसार लगातार प्रभावी कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर नियंत्रण, सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने और नागरिकों का विश्वास मजबूत करने के लिए किए गए प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।
Bodhghat Police Station: बस्तर पुलिस का कहना है कि यह सम्मान पूरे पुलिस बल के लिए प्रेरणास्रोत है और भविष्य में भी आम नागरिकों को पारदर्शी, संवेदनशील और बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य जारी रहेगा।





