Ajay Chandrakar On Congress: रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी पर सियासत तेज, अजय चंद्राकर का बड़ा बयान, कहा-‘पाप के पैसे से चल रही कांग्रेस’

रायपुर। Ajay Chandrakar On Congress: छत्तीसगढ़ की राजनीति में पूर्व कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के बाद सियासी घमासान तेज हो गया है। शराब घोटाला, कोयला लेवी घोटाला और कस्टम मिलिंग मामले में जांच कर रही आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (ईओडब्ल्यू) और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बुधवार को पूछताछ के बाद रामगोपाल अग्रवाल को हिरासत में ले लिया।
जांच एजेंसियों के अनुसार, इन तीनों मामलों में रामगोपाल अग्रवाल को कई बार नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया गया था। बताया जा रहा है कि वह पिछले करीब तीन वर्षों से जांच एजेंसियों के सामने पेश नहीं हुए थे। बुधवार को पूछताछ के बाद एजेंसियों ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
इन मुद्दों पर अजय चंद्राकर ने कांग्रेस को घेरा
वहीं अब इस मामले में बीजेपी विधायक एवं पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने विभिन्न समसामयिक और राजनीतिक मुद्दों पर कांग्रेस को घेरते हुए कई तीखे बयान दिए। उन्होंने पूर्व कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल के आत्मसमर्पण, दिशा समिति की बैठक, महतारी वंदन योजना, शराबबंदी और यूथ कांग्रेस के चुनाव को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। रामगोपाल अग्रवाल के सरेंडर पर प्रतिक्रिया देते हुए अजय चंद्राकर ने कहा कि, उनके अनुसार रामगोपाल अग्रवाल अब भी कांग्रेस के कोषाध्यक्ष हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि कांग्रेस ने उनकी जगह अब तक नया कोषाध्यक्ष कब नियुक्त किया। उन्होंने कहा कि आगे की कार्रवाई जांच एजेंसियों का विषय है, लेकिन उनका आरोप है कि कांग्रेस सत्ता में रहते हुए “पाप के पैसे” से चलती रही है।
कांग्रेस द्वारा रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी को राजनीतिक षड्यंत्र बताए जाने पर चंद्राकर ने कहा कि रामगोपाल अग्रवाल संगठन के बड़े पदाधिकारी और कथित तौर पर अहम भूमिका निभाने वाले व्यक्ति रहे हैं। उनके मुताबिक कांग्रेस की चिंता इस बात को लेकर है कि कहीं जांच के दौरान महत्वपूर्ण जानकारियां सामने न आ जाएं।
CM Visit:मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रहेंगे राजधानी में,विकास कार्यों का करेंगे लोकार्पण-भूमिपूजन
कांग्रेस के समय नहीं हुए योजनाओं का सही क्रियान्वयन
दिशा समिति की बैठक में यातायात और शहरी व्यवस्थाओं को लेकर उठे मुद्दों पर उन्होंने कहा कि रायपुर में जल निकासी, ट्रैफिक जाम, सड़क दुर्घटनाएं और 24 घंटे पेयजल आपूर्ति जैसी समस्याएं गंभीर हैं। उनका आरोप था कि पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान नगर निगम की योजनाओं का सही क्रियान्वयन नहीं हुआ, जिससे शहर की व्यवस्थाएं प्रभावित हुईं। उन्होंने कहा कि इन व्यवस्थाओं को पटरी पर लाने में समय लगेगा।
यूथ कांग्रेस के चुनाव में गुटबाजी के आरोपों पर तंज कसते हुए अजय चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस के अंदरूनी मतभेद किसी से छिपे नहीं हैं। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि पार्टी के नेता अपनी ही गुटबाजी में उलझे हुए हैं।
महतारी वंदन योजना को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर उन्होंने कहा कि इस योजना का विरोध करना कांग्रेस के लिए “आत्मघाती कदम” साबित हो सकता है। वहीं शराबबंदी के मुद्दे पर कांग्रेस के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम आरोप लगाना और तंज कसना है तथा कांग्रेस वही कर रही है। अजय चंद्राकर के इन बयानों के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होने की संभावना है। कांग्रेस की ओर से इन टिप्पणियों पर क्या प्रतिक्रिया आती है, इस पर अब सभी की नजर रहेगी।
तीन मामलों में तेज हुई जांच
Ajay Chandrakar On Congress: वहीं ईओडब्ल्यू-एसीबी की कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब कांग्रेस शासनकाल के कथित शराब घोटाला, कोयला लेवी घोटाला और कस्टम मिलिंग मामले की जांच तेज हो गई है। माना जा रहा है कि रामगोपाल अग्रवाल से पूछताछ के बाद जांच एजेंसियों को कई अहम जानकारियां मिल सकती हैं। रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के बाद प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है और आने वाले दिनों में इस मामले पर सियासी तापमान और बढ़ने के आसार हैं।




