
Chhattisgarh Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के रायपुर केंद्र ने गुरुवार सुबह राज्य के कई जिलों के लिए नाउकास्ट अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
जारी अलर्ट के मुताबिक रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में मध्यम गरज-चमक, बिजली गिरने और बारिश की संभावना जताई गई है। कुछ इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है। प्रदेश में मानसून की सक्रियता के कारण अगले कुछ घंटों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है।




