Maithili Thakur Audio Viral : ‘पागल आदमी, बुड़बक…’ विधायक मैथिली ठाकुर का युवक से तीखी बातचीत का ऑडियो वायरल, जानें क्या है मामला
दरभंगा। Maithili Thakur Audio Viral : बिहार के दरभंगा जिले की अलीनगर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर एक कथित वायरल ऑडियो को लेकर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे इस ऑडियो में एक महिला की आवाज एक युवक से तीखी बातचीत करती सुनाई दे रही है। हालांकि, इस ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और इसकी प्रामाणिकता की आधिकारिक पुष्टि भी नहीं की गई है। इस मामले ने तब नया मोड़ लिया जब वायरल ऑडियो में बातचीत करने का दावा करने वाले गौतम झा नामक युवक ने मीडिया के सामने आकर कहा कि ऑडियो में सुनाई दे रही बातचीत उनकी और विधायक के बीच हुई फोन कॉल की है।
सोशल मीडिया पोस्ट के बाद शुरू हुआ विवाद
गौतम झा के अनुसार, उनके गांव का रहने वाला एक युवक सुभाष चौपाल कई दिनों से लापता है। पीड़ित परिवार की स्थिति को देखते हुए उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें परिवार की परेशानी दिखाई गई और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मदद की अपील की गई। वीडियो में परिजनों ने भी जनप्रतिनिधियों से सहयोग नहीं मिलने की शिकायत की थी। इसके बाद, गौतम का दावा है कि 4 जुलाई की रात उन्हें विधायक का फोन आया, जिसमें उनके साथ तीखी बातचीत हुई। उनका कहना है कि वही बातचीत अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
वायरल ऑडियो में आपत्तिजनक भाषा का दावा
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित ऑडियो में महिला की आवाज सामने वाले व्यक्ति के लिए आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करती सुनाई देती है। ऑडियो में कथित तौर पर युवक को फटकार लगाते हुए कई कड़ी बातें कही गई हैं। ऑडियो में वो युवक के लिए पागल आदमी, खच्चर, बुड़बक और बदतमीज जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर रही हैं. इतना ही नहीं, ऑडियो में विधायक मैथिली ठाकुर युवक से यह भी कहती सुनाई दे रही हैं कि तुम अलीनगर में रहने लायक नहीं हो और अपने इलाके के लिए कलंक हो. वो आगे कहती हैं कि तुम्हारा दिमाग ठीक नहीं है, आइंदा अगर ऐसा काम किया और मेरी जनता की संवेदना के साथ खेला तो हम तो जो करेंगे वो करेंगे ही, भगवान भी तुम्हें कभी खुश नहीं रखेगा। हालांकि, इस रिकॉर्डिंग की सत्यता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
युवक ने लगाए उपेक्षा के आरोप
गौतम झा का आरोप है कि लापता युवक के परिवार की समस्या को लेकर आवाज उठाने पर उन्हें इस तरह की प्रतिक्रिया मिली। उनका कहना है कि उनका उद्देश्य केवल पीड़ित परिवार की मदद के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित करना था। उन्होंने यह भी दावा किया कि सोशल मीडिया पर मामला सामने आने के बाद अब कई जनप्रतिनिधि पीड़ित परिवार से मिलने पहुंच रहे हैं और सहायता का भरोसा दे रहे हैं।
विधायक की प्रतिक्रिया का इंतजार
Maithili Thakur Audio Viral :इस पूरे विवाद पर विधायक मैथिली ठाकुर की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मीडिया द्वारा संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन खबर लिखे जाने तक उनका मोबाइल फोन बंद बताया गया। फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। वायरल ऑडियो की सत्यता और पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है। विधायक का पक्ष सामने आने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।




