Raipur News: बारिश ने खोली नगर निगम मुख्यालय की व्यवस्था की खुली पोल, सभागार की छत से टपकता रहा पानी, बदलनी पड़ी बैठने की व्यवस्था
हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur News: राजधानी रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में मानसून ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। बीते 24 घंटों से लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। राजधानी के कई निचले इलाकों और बस्तियों में घरों के अंदर तक पानी घुस गया है, जबकि नदी-नाले उफान पर हैं। वहीं इस बारिश ने सिर्फ शहर की जनता ही नहीं, नगर निगम मुख्यालय की व्यवस्था की भी पोल खोल दी।
दरअसल, शहर के ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा के लिए बुलाए गए विशेष सत्र के दौरान निगम सभागार की छत से लगातार पानी टपकता रहा। हालात ऐसे बने की बैठक की व्यवस्था तक बदलनी पड़ी। सभागार के अंदर 8 से 10 जगहों से पानी रिसता रहा, जिसे रोकने के लिए जगह-जगह बाल्टियां और गमले रखने पड़े।
Raipur News: विडंबना यह रही कि जिस भवन से पूरे शहर की व्यवस्थाओं की निगरानी होती है, वहीं भवन बारिश के सामने बेबस नजर आया। सवाल यह है कि जब नगर निगम का अपना मुख्यालय ही सुरक्षित नहीं, तो शहर की जलभराव और बारिश से जुड़ी समस्याओं का समाधान कितना प्रभावी होगा? यह दृश्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।





