Chintan Shivir 3.0: आज से शुरू चिंतन शिविर 3.0, सीएम साय समेत कैबिनेट के सभी सदस्य और प्रशासनिक अधिकरी होंगे शामिल
रायपुर। Chintan Shivir 3.0: छत्तीसगढ़ सरकार का दो दिवसीय चिंतन शिविर 3.0 आज से नवा रायपुर स्थित आईआईएम (IIM) परिसर में शुरू होगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में राज्य मंत्रिमंडल के सभी सदस्य, मुख्य सचिव, वरिष्ठ आईएएस अधिकारी और विभिन्न विभागों के शीर्ष अधिकारी शामिल होंगे।
चिंतन शिविर का उद्देश्य शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली को अधिक दक्ष, आधुनिक, पारदर्शी और जनकेंद्रित बनाना है। इस दौरान सुशासन, प्रशासनिक दक्षता, विभागीय समन्वय और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा होगी।
शिविर में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ अधिकारियों और मंत्रियों को बेहतर प्रशासन, नीति निर्माण, नेतृत्व क्षमता और परिणाम आधारित कार्यप्रणाली पर मार्गदर्शन देंगे। साथ ही योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और उनकी नियमित मॉनिटरिंग पर भी विशेष जोर रहेगा।
Chintan Shivir 3.0: इस बार के चिंतन शिविर 3.0 की खास बात आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर विशेष सत्र होगा। इसमें प्रशासनिक कार्यों में AI के बढ़ते उपयोग, डिजिटल गवर्नेंस, डेटा आधारित निर्णय प्रक्रिया और तकनीक के माध्यम से आम जनता को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के विषय में जानकारी दी जाएगी। सरकार का मानना है कि इस तरह के चिंतन शिविरों से शासन व्यवस्था में नवाचार को बढ़ावा मिलेगा और प्रदेश में सुशासन को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।




