Raipur News: IGKV में बड़ा हादसा, छात्र पर गिरा हॉस्टल की छत का हिस्सा, सिर में आई गंभीर चोट, प्रबंधन की लापरवाही आई सामने
हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur News: राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (आईजीकेवी) के छात्रावास में बड़ा हादसा सामने आया है। छात्रावास की छत का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद छात्रावास में अफरा-तफरी मच गई। घायल छात्र के सिर में गंभीर चोट आई है और उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक, जिस कमरे में हादसा हुआ उसकी छत लंबे समय से जर्जर बताई जा रही थी। छात्रों का आरोप है कि छात्रावास की खराब स्थिति को लेकर कई बार विश्वविद्यालय प्रशासन को शिकायतें दी गई थीं, लेकिन समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई। इसी लापरवाही के चलते यह बड़ा हादसा हो गया। हादसे के बाद छात्रों में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि छात्रावास की कई इमारतें जर्जर हालत में हैं और यदि जल्द मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में और भी गंभीर घटनाएं हो सकती हैं।
Raipur News: फिलहाल घायल छात्र का अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि विश्वविद्यालय प्रशासन पूरे मामले की जानकारी जुटाने और आगे की कार्रवाई की बात कह रहा है। इस घटना ने छात्रावासों की सुरक्षा व्यवस्था और विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




