कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के बहुचर्चित नौगई ट्रिपल मर्डर केस की जांच अब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) करेगी। राज्य सरकार ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। लंबे समय से पीड़ित परिवार, स्थानीय लोगों और विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा मामले की CBI जांच की मांग की जा रही थी। अधिसूचना जारी होने के बाद अब जल्द ही CBI इस सनसनीखेज हत्याकांड की जांच अपने हाथ में लेगी।
लंबे समय से उठ रही थी CBI जांच की मांग
कटगोड़ी क्षेत्र के नौगई गांव में हुए तिहरे हत्याकांड के बाद से ही मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग लगातार उठ रही थी। पीड़ित परिवार का कहना था कि मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराई जानी चाहिए। इस मांग को स्थानीय क्षत्रिय समाज सहित कई संगठनों का भी समर्थन मिला।
राजनीतिक स्तर पर भी उठा था मामला
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी इस मामले की CBI जांच की मांग की थी। वहीं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी सरकार से केंद्रीय एजेंसी को जांच सौंपने की मांग करते हुए प्रदर्शन और आंदोलन की चेतावनी दी थी।
अब CBI करेगी पूरे मामले की जांच
शासन की अधिसूचना जारी होने के बाद अब CBI मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच करेगी। एजेंसी घटनास्थल, साक्ष्यों, गवाहों और अब तक की पुलिस जांच का परीक्षण कर पूरे घटनाक्रम की दोबारा पड़ताल करेगी। इससे हत्याकांड के पीछे की साजिश और जिम्मेदार लोगों तक पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।
पीड़ित परिवार को न्याय की उम्मीद
CBI जांच की मंजूरी मिलने के बाद पीड़ित परिवार ने निष्पक्ष जांच और न्याय की उम्मीद जताई है। माना जा रहा है कि केंद्रीय एजेंसी की जांच से मामले के कई महत्वपूर्ण पहलुओं से पर्दा उठ सकता है।




