CG Accident News: NH-43 पर फिर दर्दनाक सड़क हादसा, पिकअप से भिड़ी स्कूटी, दो की मौके पर मौत, एक घायल
अंबिकापुर। CG Accident News: राष्ट्रीय राजमार्ग-43 (NH-43) एक बार फिर दर्दनाक सड़क हादसे का गवाह बना है। बलरामपुर-अंबिकापुर मार्ग पर बतौली और सेदम के बीच लालमाटी के पास हुए भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूटी पर तीन लोग सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रक को साइड देने के प्रयास में स्कूटी चालक का संतुलन बिगड़ गया और सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और दो लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों और घायल की पहचान की प्रक्रिया जारी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ओवरटेकिंग और वाहन को साइड देने के दौरान हुआ संतुलन बिगड़ना बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
Korba Crime News: जंगल में मिली 20 वर्षीय युवती की लाश, 20 दिनों से थी लापता, इलाके में फैली सनसनी
CG Accident News: गौरतलब है कि NH-43 पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे इस मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों, अपर्याप्त सुरक्षा उपायों और लापरवाही के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से इस मार्ग पर प्रभावी सुरक्षा इंतजाम, संकेतक और निगरानी बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।




